Tuesday, December 21, 2010

3जी सेवाएं, टेलीकॉम कंपनियों को झटका,

ग्राहकों को तीसरी पीढ़ी यानी 3जी सेवाएं परोसने को बेसब्री से इंतजार कर रही टेलीकॉम कंपनियों को सरकार ने तगड़ा झटका दिया है। सरकार ने टाटा टेलीसर्विसेज और रिलायंस कम्युनिकेशंस समेत अन्य प्रमुख मोबाइल ऑपरेटरों को इन सेवाओं को पेश करने से रोक दिया है। इसके पीछे उसने सुरक्षा का हवाला दिया है। इन कंपनियों को साफ कहा गया है कि निगरानी तंत्र मुहैया कराए बगैर वे 3जी सेवाएं नहीं दे सकती हैं। ऑपरेटरों की मानें तो यह आदेश केवल मोबाइल पर वीडियो कॉल तक ही सीमित है, पर दूरसंचार विभाग (डॉट) के सूत्रों का कहना इससे जुदा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह आदेश उन सभी सेवाओं पर लागू होता है, जहां निगरानी तंत्र की सुविधा उपलब्ध नहीं है। डॉट और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को टेलीकॉम उद्योग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। इसी बैठक में कंपनियों को नए आदेश से अवगत करा दिया गया। 3जी मोबाइल सेवाओं का मुख्य आकर्षण स्पष्ट वॉयस कॉल, वीडियो कॉल और डाटा सर्विसेज हैं। डाटा सर्विसेज के तहत ऑपरेटर तेज गति वाली इंटरनेट सेवाएं देने का दावा कर रहे हैं। सरकार इसी पर निगरानी की आवश्यकता महसूस कर रही है। वहीं, निजी टेलीकॉम कंपनियों का कहना है कि बीते दो साल से सरकारी टेलीकॉम ऑपरेटर- बीएसएनएल और एमटीएनएल 3जी सेवाएं दे रही हैं। लेकिन उनके लिए कभी ऐसा फरमान जारी नहीं किया गया, जबकि सुरक्षा से जुड़े ये मसले तब भी थे।

No comments:

Post a Comment